सिकंदराराऊ के कासगंज रोड स्थित ममता फार्म हाउस में पिछले नौ दिनों से चल रही भव्य शिव महापुराण कथा का शुक्रवार को विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धापूर्वक समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भगवान शिव की कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दरअसल, ममता फार्म हाउस में बीती 19 अगस्त से नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा था। आयोजक आकाश दीक्षित ने बताया कि उनके पिताजी के गुरुजी, जो अयोध्या में निवास करते हैं, के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का श्रवण कराया गया।
नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में सिकंदराराऊ नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रतिदिन भगवान शिव की महिमा, उनके स्वरूप और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया गया। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भक्ति एवं आस्था में लीन नजर आए।
आयोजक आकाश दीक्षित ने बताया कि पवित्र श्रावण माह के अवसर पर भगवान की इच्छा और प्रेरणा से शिव महापुराण कथा के आयोजन का संकल्प लिया गया था। उनका कहना है कि इस तरह के धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कथा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसादी और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान पूरा कार्यक्रम स्थल भगवान शिव के जयकारों से गूंजता रहा।










