बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट कई लोग हुए घायल

0
37

 

हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के बसगोई गांव में शनिवार देर शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ट्रैक्टर बैक करने और मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में एक ही परिवार के आठ से दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित पक्ष के कांति प्रसाद ने बताया कि उनके पिता और भाई गांव के पास पुल के नजदीक टिक्की खाने गए थे। इसी दौरान वाहन हटाने को लेकर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस झड़प में कांति प्रसाद के परिवार के आठ से दस सदस्य लहूलुहान हो गए। घायलों में उनकी बुआ के लड़के का पैर टूटने की भी जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।

विवाद की सूचना मिलते ही डायल 112 की दो गाड़ियां पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया।

सासनी सीएचसी में धर्म सिंह पुत्र रामप्रसाद, कांति प्रसाद, पुष्पेंद्र पुत्र तेज सिंह (सभी निवासी नगला बीरबल बसगोई) और राहुल पुत्र वीरेंद्र (निवासी भगोई, अलीगढ़) सहित अन्य घायलों का उपचार किया गया। पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने में घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की संलिप्तता की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस का कहने है कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here