हाथरस। साइबर ठगी के मामलों में हाथरस पुलिस की त्वरित कार्रवाई सामने आई है। थाना सिकन्द्राराऊ साइबर क्राइम पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में ठगी के शिकार हुए लोगों के कुल 90 हजार रुपये वापस उनके बैंक खातों में करा दिए।
पहले मामले में टटी डण्डिया निवासी विनय कुमार के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगी के जरिए 40 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। वहीं मटकोटा निवासी प्रशान्त वर्मा के मोबाइल पर आए एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए थे।
दोनों पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामलों को राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानी NCRP पर दर्ज कराया। साइबर क्राइम टीम ने बैंक खातों की जानकारी जुटाकर संबंधित लाभार्थी खातों को डेबिट फ्रीज कराया और ठगी की रकम को सुरक्षित कराया।
पुलिस के सार्थक प्रयासों के बाद दोनों पीड़ितों की 40 हजार और 50 हजार रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि, कुल 90 हजार रुपये, वापस करा दी गई।रुपये वापस मिलने पर पीड़ितों ने हाथरस पुलिस का धन्यवाद करते हुए साइबर क्राइम टीम की सराहना की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, CVV और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।










