शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 शिक्षक हुए सम्मानित

0
9

 

हाथरस।शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 शिक्षकों को पुस्तक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, आरएलडी जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण कर राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके संस्कार, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि शिक्षा की वास्तविक सफलता केवल विद्यालय की सुविधाओं से नहीं, बल्कि विद्यार्थी के आत्मविश्वास और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता से तय होती है। उन्होंने शिक्षकों से विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों का हाथ नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी पहले से अच्छा कर रहा है, उसे आगे बढ़ाना आसान है, लेकिन कमजोर विद्यार्थी को साथ लेकर चलना ही शिक्षक की वास्तविक परीक्षा है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे विद्यालय में कच्ची मिट्टी के समान आते हैं, जिन्हें शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से बेहतर नागरिक बनाते हैं।

समारोह में नीरज कुमार, खुशबू सिंह, यशोधरा सिंह, नीशु दीक्षित, पुष्पेन्द्र कुमार, सुधीर कुमार वर्मा, ऋतु वशिष्ठ, पूनम वाजपेयी, अरुण शर्मा, डॉली, सम्भुदयाल, प्रेमलता, प्रमेश कुमार शर्मा, वंदना अग्रवाल, आलोक कुमार, प्रभात कुमार, आकांक्षा सेंगर, मनीषा सिंह, रेनू शर्मा, मीरा यादव, नितेश, तूलिका सक्सेना एवं बबिता चौधरी को सम्मानित किया गया।

इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उनके शिक्षण के तरीके, व्यवहार और मार्गदर्शन की सराहना की। विद्यार्थियों को स्टेशनरी किट भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here