सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव करमपुर में दबंगों द्वारा दलित दंपति और उनके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, महिला और उसका बेटा घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिया के पास कुछ दबंग किस्म के लोग खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर महिला का पति मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जातिसूचक शब्द कहे गए।
पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से वह सिकंदराराऊ कोतवाली पहुंचे और मामले की शिकायत की।
वहीं पुलिस का कहना है कि संबंधित मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










