हाथरस। गौ सेवकों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि दो दिन पहले हाथरस गेट कोतवाली पुलिस ने प्रताप चौराहे के पास गौवंश से लदी गाड़ी पकड़े जाने की सूचना देने वाले गौ सेवकों पर ही लाठीचार्ज किया और गाड़ी को वहां से निकलवा दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर सीओ सिटी हिमांशु माथुर भी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में गौवंश की कथित अवैध तस्करी पर रोक लगाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा। धरने की जानकारी मिलने पर संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, उमाकांत, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के दीपक शर्मा, जतिन सारस्वत सहित तमाम हिंदूवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।










