हाथरस। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” थीम पर जिले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह द्वारा सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बेसिक, माध्यमिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीडीओ ने अधिकारियों को प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद के करीब 1700 विद्यालयों के लगभग ढाई लाख छात्र-छात्राओं के प्रतियोगिताओं में शामिल होने की संभावना है।
प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन स्तरों—विद्यालय, विकासखंड और जनपद स्तर पर किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता प्रतिदिन आयोजित होगी, जबकि विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता 30 सितंबर और जनपद स्तर की प्रतियोगिता 2 अक्टूबर 2026 को होगी।
कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, कक्षा 9 से 12 तक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
सीडीओ ने सभी प्रतियोगिताओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में शामिल कराने पर जोर दिया।










