हाथरस। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर शहर के कमला बाजार स्थित कामेश्वर मंदिर से श्री वेद भगवान की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय और भाजपा पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इससे पहले मंदिर परिसर में आचार्य द्वारा विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई गई।
शोभायात्रा में चारों वेदों को स्थापित किया गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा के साथ चल रहे थे। कमला बाजार से शुरू हुई शोभायात्रा सर्कुलर रोड, किला गेट, नयागंज और गुड़हाई बाजार होते हुए मेला प्रांगण स्थित मंदिर श्री दाऊजी महाराज परिसर पहुंची।
नगर भ्रमण के बाद वेद भगवान को चारों वेदों के साथ मेला परिसर स्थित कैंप में विधि-विधान से विराजमान कराया गया।
पूरी शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा उर्फ फौजी, समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










