सिकन्दराराऊ। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सिकन्दराराऊ में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। वहीं मोहल्ला बारह सैनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से नौवीं गणेश चतुर्थी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में आस्था और उत्साह का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
शाम छह बजे समाजसेवी विकास वार्ष्णेय उर्फ देवा भैया ने भगवान गणेश की आरती और पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में 30 से अधिक आकर्षक झांकियां, काली की सवारी, राधा-कृष्ण नृत्य मंडली और छह डीजे आकर्षण का केंद्र रहे।
फूलों से सजे डोले में विराजमान भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ श्रद्धालु नगर भ्रमण पर निकले। बैंड, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया, जबकि जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया।
शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां और राधा-कृष्ण स्वरूप मंडली द्वारा ब्रज के लोकगीतों पर प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए शोभायात्रा देर रात राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
समाजसेवी विकास वार्ष्णेय ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेश चतुर्थी हमारी आस्था, संस्कृति और आपसी भाईचारे का पर्व है। आयोजन का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देना भी है।
शोभायात्रा की व्यवस्था में हिमांशु वार्ष्णेय, प्रकाश कुमार, राधे मोहन, देवांश वार्ष्णेय, अभिषेक वर्मा, कृतांक वार्ष्णेय और जीवन भारद्वाज सहित समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा और कस्बा इंचार्ज रामनरेश ने भारी पुलिस बल के साथ संभाली।










