सासनी।नगर पंचायत सासनी के मोहल्ला पल्टन में कराया जा रहा सड़क इंटरलॉकिंग कार्य विवादों में घिर गया है। मोहल्ला निवासी रेशम सिंह और दलवीर सिंह ने नगर पंचायत अधिकारियों पर उनकी निजी जमीन पर कथित तौर पर जबरन सड़क निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मामले की शिकायत एसडीएम सासनी, मंडलायुक्त अलीगढ़, जिलाधिकारी हाथरस, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष से किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद मंगलवार सुबह नगर पंचायत की कथित सहमति से ठेकेदार इंटरलॉकिंग कार्य कराने के लिए मौके पर पहुंच गया। निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
रेशम सिंह और दलवीर सिंह ने शिकायत में बताया कि ग्राम जरैया गदाखेड़ा के खाता संख्या 52 और खसरा संख्या 214/1 में दर्ज भूमि उनकी निजी संपत्ति है, जो ग्राम पंचायत क्षेत्र में आती है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर सड़क निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बिना वैधानिक बंटवारे के दूसरे पक्ष के मुकेश व दिनेश जबरन नगर पंचायत अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जिससे राजस्व अभिलेखों और क्षेत्राधिकार की अनदेखी हो रही है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने 28 जुलाई को उपजिलाधिकारी सासनी से मामले की शिकायत की थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुका। इसके बाद संपूर्ण समाधान दिवस में खतौनी और नक्शा सहित दोबारा प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। मामले में सुनवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ताओं ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब तक न्यायालय में विचाराधीन मामले का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक विवादित भूमि पर निर्माण कार्य रोका जाना चाहिए। अब मामले में नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों के पक्ष तथा न्यायालय में चल रही कार्यवाही पर नजर बनी हुई है।










