हाथरस।सासनी क्षेत्र के कोतवाली सासनी अंतर्गत गुनगुन एन्क्लेव कॉलोनी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली से अपने ननिहाल घूमने आए युवक की मौत हो गई। तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी लक्ष्मण सिंह उर्फ गौतम (पुत्र श्री बिलेन्द्र कुमार) कुछ दिन पूर्व सासनी के नया बिजलीघर निवासी अपने मामा के यहां घूमने आए थे। गत रात्रि करीब 8:45 बजे वह गुनगुन एन्क्लेव कॉलोनी से अपने घर की ओर आ रहे थे, तभी हाथरस की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में लक्ष्मण सिंह उर्फ गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने सरकारी एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय अलीगढ़ रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। इस संबंध में मृतक के ममेरे भाई बिट्टू (पुत्र श्री बीरेंद्र सिंह) ने कोतवाली सासनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










