हाथरस। मथुरा–बरेली नेशनल हाईवे पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा–बरेली नेशनल हाईवे पर यह हादसा उस समय हुआ, जब सासनी थाना क्षेत्र के वीर नगर निवासी 35 वर्षीय राहुल पुत्र संतोष अपने ट्रैक्टर से किसी कार्य से हाथरस की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में राहुल का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे वह स्वयं ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।







