हाथरस।हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव पिछौती में स्थित एक सिलाई की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की इस घटना में हजारों नहीं बल्कि करीब चार से पांच लाख रुपये तक के नुकसान की बात सामने आ रही है।
गांव पिछौती निवासी सत्तार अली पुत्र गफ्फार खान गांव के बाहर हसायन–रती का नगला मुख्य मार्ग पर, मंदिर के पास सिलाई की दुकान चलाते थे। सत्तार अली रोज की तरह रात में दुकान को ठीक से बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान का शटर अत्यधिक गर्म हो चुका था और ताला नहीं खुल पा रहा था। ग्रामीणों के सहयोग से जब शटर खोला गया तो अंदर का दृश्य देख सभी हैरान रह गए। दुकान के भीतर रखा कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बचा था।
आग में सिलाई मशीनें, काउंटर मशीन, कपड़े और दर्जनों ग्राहकों के सिलाई व कटिंग के लिए रखे गए कपड़े पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि रामप्रसाद ने बताया कि आग से दुकान का पूरा सामान और ग्राहकों के कपड़े जल गए हैं, जिससे करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने शासन से मांग की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।







