हाथरस। बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में बजट बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक के दौरान कई अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को निर्देश दिए कि गैरहाजिर अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, हाथरस ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे, सहित कई अन्य ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई। इनमें 29 मार्च 2025 को हुई पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, पंचम राज्य वित्त आयोग तथा 15वें केंद्रीय वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विचार, और वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संपत्ति एवं विभवकर निर्धारण सूची के अनुमोदन जैसे प्रस्ताव प्रमुख रहे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने बताया कि जिला पंचायत कार्यालय के नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।







