- जनपद हाथरस में पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में “भारतीय सड़क सुरक्षा माह–2026” के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की थीम पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 21 जनवरी 2026 को थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्रांतर्गत नवोदय विद्यालय अगसौली, हाथरस में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

- कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी श्री संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ श्री जे.एस. अस्थाना एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगवान सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और उनके पालन के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक सिद्ध होता है। निर्धारित गति सीमा का पालन करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही स्टंट बाइकिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग, काली फिल्म, प्रेशर हार्न एवं मोडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग से बचने की अपील की गई।
छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक सिग्नल, पैदल यात्रियों को रास्ता देने, सही पार्किंग, यू-टर्न नियम एवं राइट ऑफ वे के महत्व के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पम्फलेट्स वितरित किए गए तथा सभी उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
जनपद हाथरस पुलिस का यह प्रयास सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर जन-जन को सुरक्षित जीवन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है—नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें।







