हाथरस।कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला टास्क फोर्स, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति एवं जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की जनपद स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स ने की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी नागरिकों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता हो। उन्होंने जिला टास्क फोर्स की समीक्षा करते हुए कहा कि पोलियो अभियान को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके लिए ईंट-भट्टों, दूर-दराज क्षेत्रों, प्रवासी परिवारों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मलिन बस्तियों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, एफआरयू, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस 108 व 102, आयुष्मान भारत योजना, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त एमओआईसी को निर्देशित किया कि अस्पताल में जन्मे बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए जाएं तथा मंत्रा ऐप पर मरीजों का विवरण समय से अपडेट किया जाए। ट्रॉमा सेंटर पर आने वाले मरीजों को त्वरित उपचार, आभा आईडी निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण कराने एवं आशा डायरी की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं एवं किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम, सरकारी अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव, मीजल्स-रूबेला टीकाकरण, टीबी मरीजों की पहचान, उपचार एवं पोषण सहायता समयबद्ध सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







