हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव रॉय द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों के अंतर्गत दो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में पहला निरीक्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नगला वीर सहाय, हसायन में किया गया। निरीक्षण के समय यहां वार्ड बॉय श्री मदन कुमार उपस्थित मिले, जबकि तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल राजपूत, फार्मासिस्ट श्री अम्बरीश सैंगर एवं एएनएम श्रीमती कुशमलता अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय तक चिकित्सालय में कोई भी मरीज उपचार हेतु नहीं आया था। प्रसव कक्ष में खिड़की का शीशा तथा प्रसव टेबल टूटी हुई पाई गई। साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक रही, लेकिन इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सालय में सपोर्टिव स्टाफ की तैनाती न होने पर शीघ्र नियुक्ति के आदेश दिए गए। स्टाफ ने बताया कि यहां 111 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं तथा डेंगू, मलेरिया जैसी सामान्य जांचें की जा रही हैं।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पौरा, हसायन का निरीक्षण किया गया। यहां डॉ. आबिद शाकेब, वार्ड बॉय शिवओम और एएनएम तरुणा कुशवाह उपस्थित मिलीं, जबकि फार्मासिस्ट श्री वीरेन्द्र सिंह उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद मौजूद नहीं थे। निरीक्षण तक 5 मरीज देखे जा चुके थे। केन्द्र में 195 के सापेक्ष 135 दवाएं उपलब्ध पाई गईं और साफ-सफाई व्यवस्था अच्छी रही। बताया गया कि यहां प्रति माह 10 से 15 डिलीवरी होती हैं। एएनएम ने क्षेत्र में लगभग 40 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी होने की जानकारी दी, जिनमें 2-3 महिलाओं का हीमोग्लोबिन 7 से कम है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी रजिस्टर अद्यतन रखने तथा नियमानुसार टीकाकरण और जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







