हाथरस।विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर त्रुटिरहित अंतिम मतदाता सूची तैयार किए जाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने संविलियन विद्यालय, मीतई नगर क्षेत्र, हाथरस में स्थापित दो मतदान बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 462 एवं 463 पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों उमेश चंद्र एवं मनोज पलावत से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त फॉर्म-06, फॉर्म-07 एवं फॉर्म-08 पर की जा रही कार्यवाही, कुल मतदाताओं की संख्या तथा मतदाताओं की मैपिंग की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से फॉर्म-06 प्राप्त किए जाएं और शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान बूथों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते फॉर्म-06, 07 अथवा 08 ऑनलाइन या ऑफलाइन भरकर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जा सके।







