सीडीओ पीएन दीक्षित ने विकास खंड मुरसान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
12

 

हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पीएन दीक्षित सोमवार को विकासखंड मुरसान के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की तथा विकासखंड परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने पाया कि खंड विकास अधिकारी एवं अधिकांश अधिकारी कार्यालय में उपस्थित थे। हालांकि हाजिरी रजिस्टर में कुछ अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं मिले, लेकिन बाद में वे कार्यालय में मौजूद पाए गए।

इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सेक्शन, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय तथा प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण किया।

सीडीओ ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से अभी तक लगभग 9 हजार राशन कार्ड धारक परिवारों को जोड़ा गया है, जबकि 18 हजार पात्र सदस्य अभी भी शेष हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को अभियान चलाकर शेष लाभार्थियों को जल्द से जल्द स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही बीसी सखी के कार्यों एवं अभिलेखों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। वहीं एडीओ पंचायत कार्यालय के पीछे लगभग 20 से 25 क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र मिला। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में संचालित ई-रिक्शा के माध्यम से प्लास्टिक को राजपुर या माकनपुर स्थित निर्धारित केंद्रों तक शीघ्र पहुंचाया जाए।

उन्होंने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते लगातार प्लास्टिक एकत्र हो रही है। इसके अलावा लू से बचाव और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने स्वयं घड़े का पानी पीकर उसकी गुणवत्ता जांची और ग्रामीणों के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

सीडीओ ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कार्यालय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here