हाथरस में हत्या के प्रयास के एक मामले में थाना हाथरस गेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाए गए आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मामला 18 मई 2026 का है, जब थाना हाथरस गेट क्षेत्र में एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शिकायत के अनुसार, वादी और उसका बेटा दुकान पर बैठे हुए थे। तभी हर्ष अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और बेटे को बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, आरोपियों ने उस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए थाना हाथरस गेट पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं मामले का एक अन्य आरोपी करन उर्फ कन्नू शर्मा ने हाथरस न्यायालय में सरेंडर कर दिया था। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस उसे पीसीआर यानी पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर आई।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन उर्फ कन्नू शर्मा पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी ढकपुरा, थाना हाथरस गेट, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना और उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









