हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोल्ड स्टोरेज कर्मी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कस्बा सासनी के मोहल्ला नया बिजलीघर निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार पुत्र यतेंद्र कुमार शिवांग कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह वह पैदल अपने कार्यस्थल जा रहे थे। तभी शिवांग कोल्ड स्टोरेज के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल संजय को उपचार के लिए अलीगढ़ के एक अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही संजय ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस हाथरस लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। सासनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक अविवाहित थे। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।









