हाथरस। सड़क हादसे में घायल पीआरडी जवान की इलाज के दौरान अलीगढ़ में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जाता है कि थाना सासनी क्षेत्र के नानऊ रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास मंगलवार शाम ड्यूटी पर जा रहे 55 वर्षीय पीआरडी जवान रमेश चंद्र पुत्र भूरी सिंह निवासी नगला सिंह को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीआरडी जवान की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










