गांव टुकसान में शराब के ठेके को लेकर हुआ विवाद,ग्रामीणों और पुलिस में हुई मारपीट, कई पुलिसकर्मी घायल

0
17

 

 

हाथरस। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव टुकसान में रविवार शाम शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। ठेके के विरोध में जुटे ग्रामीणों और महिलाओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया।

बताया जा रहा है कि गांव के लोग पिछले कई दिनों से आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को भी महिलाओं ने ठेके पर पहुंचकर तोड़फोड़ की थी और पथराव किया था। इसके बावजूद ठेका नहीं हटने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी।

रविवार शाम करीब पांच बजे एक बार फिर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शराब के ठेके के बाहर एकत्र हो गए। सूचना पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी मौजूद थे, जिन्हें भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।

झड़प में दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण पाया। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here