हाथरस से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिल्डिंग निर्माण में भ्रष्टाचार का खेल खुलकर सामने आया है। जिले के मुरसान ब्लॉक क्षेत्र की सुखा ग्राम पंचायत में विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की बिल्डिंग के निर्माण में बड़े पैमाने पर घोटाले के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान, ठेकेदार और संबंधित अध्यापकों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तो उन्होंने मौके पर विरोध प्रदर्शन कर काम को रुकवा दिया। बताया जा रहा है कि सीमेंट, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद अभी तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी गांव में जांच के लिए नहीं पहुंचा है। ग्राम पंचायत सचिव, अध्यापक, ग्राम प्रधान और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







