हाथरस की सादाबाद पुलिस को वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुसैनी बंबा मार्ग पर हरकेश पहलवान के अखाड़े के पास की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शादियों में क्रॉकरी का काम करते हैं, लेकिन शौक पूरे करने के लिए मथुरा और सादाबाद क्षेत्र से बाइक चोरी कर राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम तीनों आपस में बराबर बांट लेते थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक एचएफ डीलक्स और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनमें से एक मथुरा और दूसरी सादाबाद क्षेत्र से चोरी की गई थी। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में थाना सादाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










