तेज़रफ़्तार रोडवेज बस लोहे से भरे खड़े ट्रक से टकराई,1 की मौत कई यात्री घायल

0
18

 

हाथरस के सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव अरनोट के निकट लोहे से भरे खड़े ट्रक में कौशांबी डिपो की रोडवेज बस पीछे से जा घुसी। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार कौशांबी डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से सवारियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के गांव अरनोट के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े लोहे से भरे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि मानो कोई विस्फोट हुआ हो। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ अमित पाठक, थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं जो यात्री सुरक्षित थे, उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

मौके पर मौजूद यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक ने रास्ते में एक होटल पर रुककर शराब का सेवन किया था। यात्रियों का कहना है कि उन्होंने चालक को ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। हालांकि चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, जबकि कई यात्री घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here