हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशों के क्रम में आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव प्रकाश की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित, सादगीपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र, संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का प्रतीक है, जिसे पूर्ण अनुशासन एवं सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। शासन के निर्देशानुसार प्रातः 08:30 बजे सभी सरकारी भवनों पर झंडा अभिवादन एवं राष्ट्रगान होगा, जबकि शिक्षण संस्थानों में 10:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएँ एवं खेल गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। पुलिस लाइन में परेड आयोजित होगी, जिसकी सलामी जिला मजिस्ट्रेट लेंगे। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







