हाथरस।शासकीय खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में GeM (Government e-Marketplace) 2.0 अपग्रेड के तहत एक दिवसीय जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जेम पोर्टल पर पंजीकृत क्रेताओं और विक्रेताओं को पोर्टल के नए फीचर्स, ऑनलाइन खरीद प्रक्रिया और तकनीकी बदलावों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि GeM 2.0 के माध्यम से सरकारी खरीद एवं विक्रय प्रणाली को और अधिक सरल, पारदर्शी, जवाबदेह तथा तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
लखनऊ से आए जेम विशेषज्ञों ने पोर्टल के संचालन, शासकीय क्रय-विक्रय की प्रक्रिया, नए अपडेट्स और नियमों के अनुपालन पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी किया गया।
कार्यशाला में अधिकारियों से अपील की गई कि वे GeM पोर्टल के नवीनतम फीचर्स का अधिकतम उपयोग कर सरकारी खरीद प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और दक्ष बनाएं।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक शिव प्रताप सिंह, सीवीओ विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जेम पोर्टल से जुड़े क्रेता एवं विक्रेता उपस्थित रहे।










