हाथरस पुलिस परिवार में भावुक पल देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित सादे समारोह में विभाग के छह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी।
अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण दत्त, इन्द्रदेव, राजबहादुर, मुख्य आरक्षी महावीर सिंह, फायरमैन हरिपाल सिंह और कुक राजकुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके परिजन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन कर्मियों ने अपने जीवन का अमूल्य समय पुलिस विभाग को समर्पित किया है और अब सेवानिवृत्ति के बाद जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। उन्होंने सभी के सुखद, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।
एसपी ने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो तो वे बेहिचक पुलिस परिवार से संपर्क कर सकते हैं। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण और गीता भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी।










