हाथरस।हरिद्वार से 61 लीटर गंगाजल लेकर निकली “चश्मे वाले महादेव” की अनोखी कांवड़ यात्रा शनिवार को हाथरस जिले के सिकंदराराऊ पहुंची। कार पर विराजमान चश्मे वाले महादेव की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
करीब 400 किलोमीटर की कलश कांवड़ यात्रा पर निकला कांवड़ियों का यह जत्था अब तक लगभग 350 किलोमीटर की दूरी तय कर चुका है। 21 जुलाई को हरिद्वार से शुरू हुई यह यात्रा 1 अगस्त को हाथरस के सिकंदराराऊ पहुंची, जहां स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया।
कांवड़ियों का यह जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर एटा जा रहा है। यात्रा के दौरान जगह-जगह उनका पुष्पवर्षा स्वागत भी किया जा रहा है। कांवड़ियों के अनुसार, 3 अगस्त को 61 लीटर गंगाजल के साथ यह यात्रा एटा पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।










