हाथरस।सावन माह की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने सिकंद्राराऊ में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में शनिवार को अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने सिकंद्राराऊ क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डुकरिया बंबा, कासगंज रोड चुंगी सहित उन प्रमुख स्थानों का जायजा लिया, जहां से होकर कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण पूरा करने के बाद डीआईजी प्रभाकर चौधरी अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और पूरे रूट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।










