जनपद हाथरस से बड़ी खबर सामने आई है। थाना हाथरस गेट पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मांस तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में, थाना हाथरस गेट पुलिस ने रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान प्राथमिक विद्यालय रूहेरी से करीब 50 मीटर आगे यह बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने मौके से 60 भैंसों के पड्डे, एक लाल रंग का कैन्टर आयशर वाहन संख्या UP 86 AT 8392 तथा एक मैक्स पिकअप वाहन संख्या UP 80 JT 2851 बरामद किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नईम और अनवर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे बिना किसी वैध कागजात के भैंसों के पड्डे आगरा से लाकर अलीगढ़ में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हाथरस पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।







