सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित ग्राम नगला भूर्ण में गुरुवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव खेत में नीम के पेड़ से अंगोछे के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगला भूर्ण निवासी सत्यपाल (27) पुत्र विजयपाल गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अपने खेत पर गया था। कुछ देर बाद खेत की ओर से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे नीम के पेड़ से अंगोछे के फंदे पर लटका देखा। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को उस हालत में देखकर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।
बताया गया है कि सत्यपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।










