हाथरस।स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां अभी से तेज कर दी है, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जनपद हाथरस में घरों पर लगने वाले तिरंगों को बनाने की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी गई है।
इस वर्ष जिले में 1 लाख 68 हजार तिरंगे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्हें तैयार होने के बाद अभियान के दौरान घर-घर वितरित किया जाएगा। इसको लेकर जिले के 39 स्वयं सहायता समूहों की 342 महिलाएं तिरंगा झंडा बनाने में जुटी हुई है।
तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल देशभक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी प्रभावी माध्यम है। महिलाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से 1.68 लाख तिरंगे तैयार करने का लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा।










