एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर कावड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस के द्वारा वितरित की गई रिफ्लेक्टर जैकेट

0
16

 

हाथरस में कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। रात्रि के समय सड़क हादसों से बचाव के लिए हाथरस पुलिस ने कांवड़ियों को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की हैं। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए जरूरी सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया।

श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए हाथरस पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सादाबाद और थानाध्यक्ष चंदपा ने कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर मानवीय पहल की।

रात्रि के समय कम दृश्यता के चलते सड़क पर पैदल चल रहे कांवड़ियों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं।

इन जैकेट पर लगी चमकीली रिफ्लेक्टिव स्ट्रिप्स वाहन की हेडलाइट पड़ते ही दूर से दिखाई देती हैं। इससे वाहन चालकों को सड़क पर आगे चल रहे कांवड़ियों की मौजूदगी का समय रहते पता चल सकेगा और हादसों की संभावना कम होगी।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। श्रद्धालुओं को रात्रि में सड़क किनारे निर्धारित दिशा में चलने, समूह में यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

कांवड़ियों ने भी हाथरस पुलिस की इस पहल की सराहना की और रिफ्लेक्टर जैकेट को रात्रि यात्रा के दौरान बेहद उपयोगी बताया।

हाथरस पुलिस का कहना है कि “सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता—हर कदम कांवड़ियों के साथ” के तहत सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के साथ ऐसे मानवीय प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि हर श्रद्धालु सुरक्षित यात्रा पूरी कर सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here