हाथरस। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (PMSA) शाखा हाथरस के द्विवार्षिक चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी डॉ. अनूप शर्मा और निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता की देखरेख में 67 में से 61 चिकित्सकों ने मतदान किया। मतगणना में अध्यक्ष पद पर डॉ. दलवीर सिंह ने 30 मत प्राप्त कर डॉ. प्रवीन कुमार भारती को एक मत से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सचिव पद पर डॉ. के.के. शर्मा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 58 मत प्राप्त किए, जबकि डॉ. विनीत कुमार सक्सेना को 2 मत मिले। इस जीत के साथ डॉ. के.के. शर्मा लगातार तीसरी बार संघ के सचिव निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद की मतगणना के दौरान दो मत निरस्त किए गए।
निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बताते हुए परिणामों की सूचना केंद्रीय कार्यकारिणी, प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ लखनऊ को भेज दी। परिणाम घोषित होने के बाद चिकित्सकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. दलवीर सिंह और सचिव डॉ. के.के. शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया।










