सासनी।क्षेत्र के नानऊ मार्ग स्थित किशनपुरी मोहल्ले में सड़क किनारे लगा बिजली विभाग का लोहे का एक पोल पूरी तरह नीचे से खोखला हो चुका है, जो किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है। खास बात यह है कि यह जर्जर पोल हाईटेंशन लाइन का है, जिससे स्थानीय लोगों में हर समय भारी अनहोनी का अंदेशा बना रहता है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार यह पोल पिछले काफी समय से अपनी जर्जर हालत में खड़ा है और कभी भी तेज हवा या किसी वाहन के धक्के से गिर सकता है। इसके गिरने से राहगीरों और आसपास के लोगों की जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में जब सासनी विद्युत विभाग के एसडीओ आशीष रतन से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि तुरंत ही जूनियर इंजीनियर (JE) को मौके पर भेजकर स्थिति की जांच कराई जाएगी और जल्द से जल्द इस खतरनाक पोल को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।










