हाथरस। जिला अस्पताल की पुरानी इमरजेंसी को दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी तेज हो गई है। रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश अग्रवाल ने टीम के साथ नई इमरजेंसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे कार्यों और अधूरे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि करीब एक-दो दिन में पुरानी इमरजेंसी को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया जाएगा। नई इमरजेंसी में करीब 20 बेड की व्यवस्था होगी, जहां मरीजों को भर्ती करने की सुविधा भी रहेगी। इसके साथ ही पार्किंग, ऑक्सीजन समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
निरीक्षण के दौरान बिजली, सफाई, रंगाई-पुताई और अन्य व्यवस्थाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नई इमरजेंसी को सीसीटीवी कैमरों से भी लैस किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद इसे जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान डॉ. प्रवीण कुमार भारती, डॉ. केके शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










