हाथरस में जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े एक गंभीर मामले ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जिले के कई प्राइवेट अस्पतालों द्वारा नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए अधूरी जानकारी और अधूरे दस्तावेजों के साथ आवेदन किए जा रहे थे। इस बड़ी लापरवाही की शिकायत सामने आने के बाद जिलाधिकारी हाथरस अतुल वत्स ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।
डीएम के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी हाथरस ने संबंधित प्राइवेट अस्पतालों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जन्म प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि जो भी प्राइवेट अस्पताल नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नवजातों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।







