-
हाथरस जनपद में आज नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। दिनांक 23 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, हाथरस के कुशल निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस में सायं 6 बजे से वृहद ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य युद्धकालीन परिस्थितियों अथवा किसी संभावित हवाई हमले की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जनमानस को सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रति जागरूक करना था।

-
निर्धारित समय पर खतरे का सायरन बजते ही रिजर्व पुलिस लाइन एवं आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूर्णतः बंद कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री धर्मेंद्र कुमार द्वारा मौके पर उपस्थित रहकर पूरी कार्यवाही की निगरानी की गई। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं वार्डनों ने तत्परता से अपनी जिम्मेदारियां संभालीं और यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी प्रकाश दिखाई न दे।
मॉकड्रिल के दौरान सायरन सिस्टम, संचार व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों के रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा की गई, जो अत्यंत संतोषजनक पाई गई। समापन अवसर पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री धर्मेंद्र सिंह ने उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरों की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।
इस अभ्यास में पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड, आपदा मित्र एवं अन्य विभागों ने आपसी समन्वय के साथ भाग लिया। प्राथमिक चिकित्सा एवं अग्निशमन का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया गया। सायं 6:30 बजे ऑल क्लियर सायरन के साथ विद्युत आपूर्ति बहाल कर मॉकड्रिल का औपचारिक समापन किया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि भविष्य में भी ऐसी मॉकड्रिल को गंभीरता से लें और सहयोग प्रदान करें।







